तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार को मारी टक्कर, घायल
नाहन, 18 जुलाई (हि.स.)। जिला सिरमौर के पुलिस थाना पुरुवाला क्षेत्र में रामपुरघाट-हरिपुर टोहाना सड़क पर शनिवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता सन्नी पुत्र कश्मीरी लाल निवासी गांव हरिपुर टोहाना ने पुलिस थाना पुरुवाला में शिकायत दर्ज करवाई कि रामपुरघाट की ओर से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक मोटरसाइकिल ने सामने सही दिशा में जा रहे साइकिल सवार को टक्कर मार दी। दुर्घटना में साइकिल सवार जीवन सिंह पुत्र सरना राम निवासी गांव हरिपुर टोहाना, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल पर अस्थायी नंबर HP-T062 HP61938 अंकित था। मामले में मोटरसाइकिल चालक सोनू कुमार निवासी अलौली, जिला खगरिया (बिहार) के खिलाफ पुलिस थाना पुरुवाला में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

