home page

डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि पर भाजपा मंडल व एससी मोर्चा पोंटा ने दी श्रद्धांजलि

 | 

नाहन, 06 दिसंबर (हि.स.)। भारत रत्न, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि पर आज भाजपा मंडल और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों ने अंबेडकर कॉलोनी स्थित बाबा साहेब के मंदिर में पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष हितेंद्र कुमार ने बाबा साहेब के प्रेरणादायक जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का जन्म 14 अप्रैल 1891 को मध्य प्रदेश के मऊ (महू) में हुआ था। कठिन परिस्थितियों और सामाजिक चुनौतियों के बीच उन्होंने उच्च शिक्षा प्राप्त की। अपनी माता के देहांत के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और समाज सुधार की राह पर डटे रहे। आगे चलकर वे स्वतंत्र भारत के प्रथम कानून मंत्री बने और भारतीय संविधान की रचना कर दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की नींव रखी।

इसी दौरान भाजपा एससी मोर्चा के अध्यक्ष दीपक मल्हन ने बताया कि मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके द्वारा दिए गए सिद्धांतों,शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करोका अनुसरण करने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर