home page

जनगणना-2027 के प्रथम चरण की तैयारियों के लिए नाहन में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

 | 
जनगणना-2027 के प्रथम चरण की तैयारियों के लिए नाहन में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित


नाहन, 09 मार्च (हि.स.)।

जिला सिरमौर के बचत भवन नाहन में आज उपायुक्त सिरमौर एवं प्रधान जनगणना अधिकारी प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में जनगणना-2027 के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला के जनगणना चार्ज लेवल अधिकारी जिसमें उपमंडल अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा शहरी निकाय के अधिकारियों ने भाग लिया।प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपायुक्त ने बताया कि यह जनगणना दो चरणों में संचालित की जाएगी जिसमें प्रथम चरण में मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना होगी तथा दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी।

उन्होंने बताया कि सिरमौर जिला में प्रथम चरण की जनगणना 12 मई से 10 जून के मध्य की जाएगी तथा द्वितीय चरण 09 फरवरी से 05 मार्च, 2027 के मध्य होगा। उन्होंने बताया कि जिला के बर्फीले क्षेत्रों में द्वितीय चरण की जनगणना को इसी वर्ष 11 सितंबर से 30 सितंबर, 2026 में ही कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व की गतिविधि है, जिसे सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से समयबद्ध और सटीकता से पूरा किया जाना चाहिए।

उपायुक्त ने जिला वासियों से आग्रह किया कि वह जनगणना कार्य में अपना सहयोग दें तथा प्रगणक को सही जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त सूचना के आधार पर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को निर्मित किया जाता है तथा निर्वाचन क्षेत्रों, पंचायतों एवं अन्य स्थानीय निकायों की सीटों का परिसीमन भी इसी आधार पर किया जाता है। जनगणना केवल जानकारी एकत्र करना ही नहीं है बल्कि यह राष्ट्र-निर्माण के लिए महत्वपूर्ण अंग है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर