home page

चौगान मैदान में ट्रेड फेयर के विरोध  में उतरे नाहनके दुकानदार 

 | 
चौगान मैदान में ट्रेड फेयर के विरोध  में उतरे नाहनके दुकानदार 


नाहन, 03 अगस्त (हि.स.)। नाहन के ऐतिहासिक रियासतकालीन चौगान मैदान में प्रस्तावित ट्रेड फेयर और व्यावसायिक मेलों के विरोध में सोमवार को शहर के व्यापारी, खिलाड़ी, छात्र, युवा और स्थानीय नागरिक एकजुट होकर उपायुक्त सिरमौर को ज्ञापन सौंपने पहुंचे।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि चौगान मैदान में किसी भी प्रकार के ट्रेड फेयर और व्यावसायिक गतिविधियों की अनुमति न दी जाए तथा मैदान को उसके मूल स्वरूप में संरक्षित रखा जाए।ट्रेड फेयर और अन्य व्यावसायिक आयोजनों के चलते कई दिनों तक मैदान बंद रहता है, जिससे खिलाड़ियों को अभ्यास से वंचित होना पड़ता है। सेना, पुलिस और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की शारीरिक तैयारी कर रहे युवाओं की तैयारियां भी इससे प्रभावित होती हैं।

प्रतिनिधिमंडल की ओर से देवेंद्र अग्रवाल और मनीष अग्रवाल ने कहा कि उनका किसी भी सांस्कृतिक, सामाजिक या जनहित के मनोरंजन कार्यक्रम से कोई विरोध नहीं है। यदि चौगान मैदान में खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक आयोजन या सार्वजनिक हित के कार्यक्रम होते हैं तो उनका स्वागत है। लेकिन व्यावसायिक मेले और ट्रेड फेयर मैदान के मूल उद्देश्य को प्रभावित करते हैं और इसे अस्थायी व्यवसायिक केंद्र में बदल देते हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय व्यापारियों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है। साथ ही मैदान में गंदगी, शोर-शराबा और अव्यवस्था जैसी समस्याएं पैदा होती हैं। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि चौगान मैदान को केवल खेल, सांस्कृतिक, पर्यटन और सार्वजनिक हित की गतिविधियों तक सीमित रखा जाए तथा इसकी ऐतिहासिक पहचान और खेल संस्कृति को सुरक्षित रखने के लिए स्थायी नीति बनाई जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर