home page

किसानों ने स्मार्ट मीटर, खराब सड़कों और फसलों के मुआवजे सहित कई मुद्दे प्रशासन के समक्ष उठाए

 | 

नाहन, 10 अगस्त (हि.स.)। पांवटा साहिब में सोमवार को अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा एसडीएम कार्यालय पहुंचा और किसानों की मांगों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने स्मार्ट मीटर, खराब सड़कों और फसलों के मुआवजे सहित कई मुद्दे प्रशासन के समक्ष उठाए।

किसानों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली के बिलों में भारी उछाल आया है, जिससे किसान परेशान हैं। इसके अलावा क्षेत्र की टूटी-फूटी सड़कों की समस्या को लेकर भी किसानों ने नाराजगी जताई। संयुक्त किसान मोर्चा ने गेहूं की फसल का मुआवजा समय पर नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया। किसानों का कहना है कि फसलों को नुकसान होने के बावजूद मुआवजे के लिए उन्हें परेशान होना पड़ रहा है।

किसान नेता तरसेम सगी ने सरकार को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो किसान चुप नहीं बैठेंगे और बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर