home page

कालाअंब में तेज रफ्तार बाइक ने युवती को मारी टक्कर, मामला दर्ज

 | 

नाहन, 04 अप्रैल (हि.स.)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के तहत खेड़ा मंदिर के समीप एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल द्वारा पैदल जा रही युवती को टक्कर मारने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली (मीरगंज) की निवासी पुष्पा ने बताया कि वह वर्तमान में काला आंब की शिव कॉलोनी में किराए पर रहती है। शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे जब वह अपनी सहेली मनीषा (निवासी उत्तर प्रदेश) के साथ खैरी से गाड़ी में आने के बाद खेड़ा मंदिर के पास उतरी और सड़क पार कर रही थी, तभी यह हादसा हुआ।

पुष्पा के अनुसार जैसे ही वे सड़क पार कर दूसरी ओर पहुंचे, खैरी की तरफ से एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बेहद तेज रफ्तारी और लापरवाही से आया। बाइक चालक ने गलत दिशा में आकर मनीषा को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसे शरीर पर चोटें आई हैं। टक्कर मारने के बाद चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।

काला अम्ब पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी बाइक चालक की पहचान की जा सके। मामले की आगामी तफ्तीश जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर