home page

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के हल्के श्री रेणुकाजी में भाजपा का क्लीन स्वीप, तीनों जिला परिषद सीटों पर कब्जा

 | 

नाहन, 01 जून (हि.स.)। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार के गृह हल्के श्री रेणुकाजी में जिला परिषद चुनाव में भाजपा ने बड़ी सेंध लगाते हुए तीनों सीटों पर कब्जा कर लिया। भाजपा का यहां क्लीन स्वीप रहा।

नौहराधारसे भाजपा प्रत्याशी हंसराज ने एकतरफा जीत दर्ज की। हंसराज को 9101 वोट मिले जबकि कांग्रेस के राम किशन को 4229 वोट मिले। हंसराज 4872 वोटों से जीते। इस वार्ड में निर्दलीय मोहनलाल को 2524 और नीरज कुमार को 1777 वोट मिले। कुल 18004 मत पड़े, जिनमें 263 अस्वीकृत और 110 नोटा रहे। जीत के बाद हंसराज ने नौहराधार वार्ड की जनता का धन्यवाद किया और कहा कि नशा रोकना पहला काम होगा। केंद्र की योजनाएं गांव-गांव पहुंचाएंगे।

दाना घाटो से भाजपा की अकिता ठाकुर ने अपनी ही दादी को 3220 वोटों के मार्जिन से हराया। यह मुकाबला भी चर्चा में रहा।ददाहू वार्ड-13 से श्री रेणुका जी से संबंध रखने वाली भाजपा प्रत्याशी शिवानी ने 1600 मतों से जीत दर्ज की।

कांग्रेस के गढ़ में भाजपा की इस जीत को बड़ा सियासी झटका माना जा रहा है।उल्लेखनीय हैकि श्री रेणुकाजी कांग्रेस का गढ़ माना जाता है और वर्तमान कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार रेणुकाजी से ही विधायक भी हैं। लेकिन जिला परिषद के परिणामों से कांग्रेस को मंथन करने पर मजबूर कर दिया है तो वहीं इनसे भाजपा की आशाएं विधानसभा चुनावों के लिए बढ़ने लगी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर