home page

एचपीएफएएस के लिए 26 पदों पर भर्ती, 5 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन

 | 

शिमला, 08 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने सरकारी कर्मचारियों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। आयोग ने हिमाचल प्रदेश वित्त एवं लेखा सेवा में प्री-इंडक्शन प्रशिक्षण के लिए 26 पदों पर ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। इच्छुक और पात्र कर्मचारी 9 जुलाई 2026 से 5 अगस्त 2026 तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं।

आयोग के अनुसार यह भर्ती केवल हिमाचल प्रदेश सरकार के विभागों, बोर्डों, निगमों, स्वायत्त संस्थानों, विश्वविद्यालयों और सहकारी बैंकों में कार्यरत नियमित कर्मचारियों के लिए है। अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना जरूरी है। साथ ही संबंधित विभाग में कम से कम तीन वर्ष की नियमित सेवा पूरी होना भी अनिवार्य है। भर्ती प्रक्रिया में सबसे पहले प्रारंभिक प्रवेश परीक्षा होगी। इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थियों को मुख्य प्रवेश परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। दोनों चरणों में सफल उम्मीदवारों को प्री-इंडक्शन प्रशिक्षण के लिए चयनित किया जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं होंगे। पात्रता, परीक्षा शुल्क, परीक्षा का पाठ्यक्रम और अन्य विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। सचिव, हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग, निवेदिता नेगी ने पात्र अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन करने की हिदायत दी है।

इन श्रेणियों के 26 पदों पर होगी भर्ती

पदों की बात की जाए तो सामान्य वर्ग के 17 पद सामान्य वर्ग (श्रवण बाधित) - 1 पद, सामान्य वर्ग (बौद्धिक/एकाधिक दिव्यांग) - 1 पद, अनुसूचित जाति एससी - 2 पद, अनुसूचित जनजाति एसटी- 2 पद, अन्य पिछड़ा वर्ग ओबीसी - 3 पद सहित कुल 26 पदों पर भर्ती की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा