home page

मंडी जोनल अस्पताल के महिला वार्ड में रात को घुसा शराबी, मरीजों, तीमारदारों व स्टाफ में दहशत

 | 

मंडी, 10 नवंबर (हि.स.)। मंडी जोनल अस्पताल में पिछले कुछ दिनों से तीन बार शरारती, नशेड़ी व शराबी तत्वों ने वार्डों में घुस कर दहशत पैदा की है। सोमवार बीती रात भी इसी तरह की एक घटना हुई जिसमें रात के समय लगभग साढ़े दस बजे एक शराबी सर्जिकल महिला वार्ड में घुस गया। महिला वार्ड में शराबी के घुस आने से मरीजों, तीमारदारों

व स्टाफ में दहशत फैल गई। सराज क्षेत्र के थुनाग शिल्हीबागी से आए टोडर राम ने बताया कि उसकी माता चानणो देवी 5 नवंबर से यहां पर उपचाराधीन है। वह सर्जिकल वार्ड के 13 नंबर बेड पर है। रात के समय लगभग साढ़े दस बजे एक शराबी वार्ड में घुस आया और काफी देर तक उधम मचाता रहा। उसी किसी तरह से बाहर निकाला क्योंकि उस समय आसपास कोई सुरक्षा कर्मी भी नहीं था। उसने बताया कि इस बारे में उन्होंने सुबह के समय ड्यूटी पर तैनात स्टाफ को अवगत करवा दिया था क्योंकि उन्हें अधिकारियों के कार्यालय के बारे में ज्यादा इलम नहीं था और फिर दीवाली की छुट्टियां भी चल रही थी।

गौरतलब है कि मंडी जोनल अस्पताल में इससे पहले आधी रात को एक नशेड़ी वार्ड में घुस गया था। उसने ड्यूटी पर तैनात नर्स को धक्का देकर खौफ पैदा किया और वार्ड के ड्यूटी कक्ष में रखी सिरींजें लेकर भाग गया। यही लगा कि यह कोई नशेड़ी था जो नशा करने के लिए जरूरी सिरींजे चोरी करने आया था और नर्स को धक्का मार कर भाग खड़ा हुआ। इसके बाद जोनल अस्पताल के वार्ड से भी अन्य सामान चोरी किए जाने का मामला भी सामने आया जिसमें पुलिस ने कुछ लोगों को दबोचा भी है। जिस तरह से शराबी, नशेड़ी और शरारती तत्वों लगातार रात के समय घुस कर वारदातें करने लगे हैं इससे जहां अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं वहीं कार्यरत स्टाफ में भी दहशत है। पहली दो वारदातों में तो बकायदा स्टाफ ने भी लिखित तौर पर प्रबंधन का ध्यान दिलाया है। अब तीसरा मामला सामने आ गया है। ऐसे में यह एक गंभीर स्थिति की ओर इशारा करता है जिसका सख्त संज्ञान लेने की जरूरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा