हिमाचली हवेली में जेन जी भजन संध्या का आयोजन, भक्ति तरानों पर जमकर थिरके युवा
मंडी, 06 जुलाई (हि.स.)। मंडी जिला के सात मील स्थित हिमाचली हवेली में पहली बार जेन जी के लिए भजन संध्या का आयोजन किया गया। यह आयोजन मिस्टर एंड मिस नार्दन के ग्रैंड फिनाले के बाद किया गया। भजन संध्या में जाने-माने गायक अजय भारद्वाज, अजय चौहान, अभिषेक सोनी, कार्तिक शर्मा और गौरव कौंडल सहित अन्य गायकों ने भजन गाकर माहौल को भक्तिमयी बना दिया।
मिस्टर एंड मिस नार्दन के आयोजक अमित भाटिया ने जानकारी देते हुए बताया कि जब भी इस तरह के पीजेंट होते हैं तो उसके बाद ग्रैंड पार्टियों को आयोजित किया जाता है। इस बार निर्णय लिया गया कि मिस्टर एंड मिस नार्दन के फिनाले के बाद जेन जी के लिए भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से यही प्रयास किया गया है कि जेन जी नशे जैसी कुरीति से दूर रहकर अपनी संस्कृति और सभ्यता के साथ जुड़े रहें।
इस भजन संध्या में युवाओं के अभिभावकों और बुजुर्गों ने भी बड़ी संख्या में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। मिस्टर एंड मिस नार्दन में भाग ले चुकी शिमला जिला की मन्नत ने बताया कि उन्हें जेन जी के लिए आयोजित भजन संध्या में शामिल होकर एक अलग ही अनुभूति का अहसास हुआ है। इस आयोजन के माध्यम से जहां बहुत से लोगों के साथ मिलना हो पाया, वहीं अपनी धार्मिक संस्कृति के बारे में जानने का मौका भी मिला।
उन्होंने इस आयोजन के लिए मिस्टर एंड मिस नार्दन की पूरी टीम का आभार जताया और कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से ही युवाओं को नशे जैसी कुरीति से दूर रखने का प्रयास किया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

