home page

मंडी जिला के पनारसा कालेज छात्रों ने युवा साहित्य संवाद में छोड़ी छाप

 | 
मंडी जिला के पनारसा कालेज छात्रों ने युवा साहित्य संवाद में छोड़ी छाप


मंडी, 03 मार्च (हि.स.)। साहित्य समाज का दर्पण होता है, वहीं पर युवा पीढ़ी में साहित्य के संस्कार छात्र जीवन से ही विकसित होते हैं। इस दिशा में मंडी जिला के राजकीय कालेज पनारसा के युवाओं को साहित्य, संस्कृति और इतिहास के गवाक्ष खोलने का कार्य कालेज प्रबंधन की ओर से किया जा रहा है। इसी कड़ी में हाल ही में आयोजित कुल्लू साहित्य उत्सव में युवा साहित्य संवाद का प्रभावशाली आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के शोधार्थी महेंद्र तथा पनारसा कालेज के छात्र रवि शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के अंतर्गत हिमतरु पत्रिका द्वारा प्रकाशित स्त्री विशेषांक जिसमें हिमाचल प्रदेश की महिलाओं की रचनाएं संकलित हैं, स्मृतियों में कुल्लू दशहरा विशेषांक तथा महेंद्र कुमार द्वारा संपादित मौखिक परंपरा का इतिहास इन तीनों कृतियों पर विद्यार्थियों ने लगभग चालीस-चालीस मिनट की विस्तृत परिचर्चा की।

चर्चा के दौरान इनके सामाजिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और साहित्यिक सभी आयामों पर गंभीर विमर्श किया गया। इस संवाद में राजकीय महाविद्यालय पनारसा, राजकीय महाविद्यालय कुल्लू, राजकीय महाविद्यालय बंजार, राजकीय महाविद्यालय हरिपुर तथा राजकीय महाविद्यालय सैंज के विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

प्रमुख रूप से राजकीय महाविद्यालय सैंज से विनोद, राजकीय महाविद्यालय बंजार से विकास, राजकीय महाविद्यालय कुल्लू से सविता और कोमल, राजकीय महाविद्यालय हरिपुर से शिवानी तथा राजकीय महाविद्यालय पनारसा मंडी से शेर सिंह और राखी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सभी विद्यार्थियों ने नेतृत्व भावना के साथ अपनी-अपनी जिम्मेदारियाँ समझते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया। कार्यक्रम के साथ-साथ विद्यार्थियों द्वारा निर्मित चित्रों की एक आकर्षक चित्रकला प्रदर्शनी भी लगाई गई। राजकीय महाविद्यालय पनारसा से वेदिका और गिरिराज, राजकीय महाविद्यालय कुल्लू से मुस्कान और विनोद तथा राजकीय महाविद्यालय हरिपुर से रजत द्वारा बनाए गए विभिन्न चित्र प्रदर्शित किए गए। इन युवा कलाकारों ने अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति से कार्यक्रम को एक नया आयाम प्रदान किया।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से रसायन शास्त्र में पीएचडी डॉ. विश्वनाथ तथा हिंदी विभाग के शोधार्थी मोहन भी चर्चा सत्र में उपस्थित रहे। युवा साहित्य संवाद का संचालन राजकीय महाविद्यालय कुल्लू से लता एवं राजकीय महाविद्यालय बंजार स्नेहा ने किया। लगभग पंद्रह नवोदित कवियों ने कविता पाठ कर कार्यक्रम को रचनात्मक ऊंचाई प्रदान की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा