श्री रेणुका जी झील में दोस्तों के साथ नहाने उतरा ददाहू का युवक लापता
नाहन, 04 जून (हि.स.)। प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री रेणुका जी की पवित्र रेणुका झील में स्नान करने उतरा एक 21 वर्षीय युवक अचानक लापता हो गया है, जिसके झील में डूबने की गहरी आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस प्रशासन युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गया है।
मिली जानकारी के अनुसार लापता युवक की पहचान सुमित (21 वर्ष), पुत्र मुंशी राम, निवासी बंगाली कॉलोनी, ददाहू के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों और साथियों के मुताबिक, सुमित अपने कुछ दोस्तों के साथ पवित्र झील में स्नान करने के लिए गया था। सभी दोस्त झील में नहा रहे थे, लेकिन इसी दौरान सुमित अचानक लापता हो गया। काफी देर तक जब वह नज़र नहीं आया, तो साथियों को अनहोनी का अहसास हुआ और उन्होंने तुरंत शोर मचाया।
युवक के डूबने की आशंका इसलिए भी पुख्ता हो रही है क्योंकि पवित्र स्नान घाट की सीढ़ियों पर सुमित के कपड़े, जूते और उसका मोबाइल फोन सुरक्षित पाए गए हैं। इससे साफ अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह कपड़े उतारकर झील में उतरा था, लेकिन वापस नहीं लौट पाया।
एएसपी सिरमौर योगेश रोल्टा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। लापता युवक के परिजनों व साथियों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं।
एएसपी योगेश रोल्टा ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों और रेस्क्यू टीमों की मदद से झील के गहरे पानी में व्यापक तलाश अभियान जारी है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया था। पुलिस प्रशासन युवक को जल्द से जल्द ढूंढने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

