home page

शिलाई के 23 साल के युवक की चंडीगढ़ में मौत

 | 

नाहन, 12 सितंबर (हि.स.)। सिरमौर जिला के उपमंडल शिलाई के अंतर्गत आते गांव कुहुंट के एक 23 वर्षीय युवक ऋतिक चौहान (पुत्र चतर सिंह) की चंडीगढ़ में अचानक हुई मौत से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। बेहद कम उम्र में हुई इस दुखद घटना ने परिजनों सहित पूरे गांव और क्षेत्रवासियों को झकझोर कर रख दिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक ऋतिक चंडीगढ़ में होटल क्षेत्र में कार्यरत था और वहीं किराए का कमरा लेकर रह रहा था। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि वह नशे की लत से जूझ रहा था। बीते दिन वह अपने कमरे में बेसुध पाया गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण कर शव का पोस्टमार्टम चंडीगढ़ में ही करवाया। हालांकि, मौत के सही कारणों और परिस्थितियों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

युवक के आकस्मिक निधन के कारण कुहुंट गांव में होने वाले धार्मिक आयोजन पर भी गहरा असर पड़ा है। गांव के प्रबुद्ध जनों एवं ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए 16 सितंबर को प्रस्तावित शांत महायज्ञ को फिलहाल स्थगित कर दिया है।

23 साल के होनहार बेटे को खोने से ऋतिक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस असमय वियोग से कुहुंट गांव और पूरे शिलाई इलाके में सन्नाटा और गमगीन माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर