युवा कांग्रेस ने संविधान लीडरशिप प्रोग्राम किया लॉन्च, डिजिटल राजनीतिक इन्फ्लुएंसर तैयार करने पर जोर
शिमला, 05 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय युवा कांग्रेस ने रविवार को शिमला में अपने नए “संविधान लीडरशिप प्रोग्राम” की शुरुआत की। यह कार्यक्रम शिमला स्थित राजीव भवन में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान लॉन्च किया गया। युवा कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम को राष्ट्रीय प्रवक्ता शुभ्रा जिंटा ने औपचारिक रूप से शुरू किया।
शुभ्रा जिंटा ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य डिजिटल माध्यमों पर सक्रिय ऐसे राजनीतिक इन्फ्लुएंसर तैयार करना है, जो संविधान के मूल्यों को समाज तक पहुंचा सकें और लोकतांत्रिक मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि इसे एक तरह से “सत्य प्रतिरोध और संवैधानिक मूल्यों पर आधारित राजनीतिक पहल” के रूप में भी देखा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि अब संगठन को केवल अपने दायरे तक सीमित रहने के बजाय आम लोगों तक पहुंच बढ़ानी होगी। इसके लिए वैकल्पिक मीडिया नेटवर्क से जुड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को साथ लाने की जरूरत है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी साहस के साथ अपनी बात रखी और लोकतांत्रिक मूल्यों के पक्ष में खड़े रहे।
शुभ्रा जिंटा ने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिए जमीनी स्तर पर ऐसे मीडिया कार्यकर्ताओं और युवाओं को तैयार करने का प्रयास किया जाएगा, जो भ्रष्टाचार, अन्याय और सत्ता की चुप्पी जैसे मुद्दों को मजबूती से उठाएं। उन्होंने कहा कि अगर कोई मानता है कि मीडिया को सत्ता के बजाय जनता की सेवा करनी चाहिए, तो यह मंच ऐसे लोगों के लिए अवसर प्रदान करेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि युवा कांग्रेस इस पहल से जुड़े “फिजिटल लीडर्स” (डिजिटल और जमीनी स्तर पर सक्रिय नेतृत्व) को कानूनी समर्थन, पहचान, राजनीतिक अवसर और तकनीकी प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं देने की कोशिश करेगी, जिससे वे समाज में प्रभावी भूमिका निभा सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

