home page

पांवटा साहिब में 4.07 ग्राम चिट्टे के साथ युवक गिरफ्तार

 | 

नाहन, 15 जुलाई (हि.स.)। सिरमौर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पांवटा साहिब में एक युवक को 4.07 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नवीन ठाकुर निवासी गांव पुडली, डाकघर भरोग बनेड़ी, तहसील ददाहू, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस थाना पांवटा साहिब की डिटेक्शन सेल गश्त के दौरान विश्वकर्मा चौक पर मौजूद थी। इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी कुंजा क्षेत्र से यमुना नदी के रास्ते चिट्टा लेकर आ रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 4.07 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।

एसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी नशीले पदार्थ की खेप कहां से लाया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर