home page

धर्मशाला में 15 जून को क्षेत्रीय कार्यशाला एवं रिफॉर्म्स उत्सव का आयोजन

 | 

धर्मशाला, 14 जून (हि.स.)। भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग द्वारा ‘डिजाइनिंग इनोवेटिव सॉल्यूशंस फॉर होलिस्टिक एक्सेस टू जस्टिस’ (दिशा) योजना के अंतर्गत टेली-लॉ पहल पर क्षेत्रीय कार्यशाला एवं ‘रिफॉर्म्स उत्सव’ का आयोजन 15 जून सोमवार को दोपहर 1 बजे राजकीय महाविद्यालय सभागार धर्मशाला में किया जाएगा।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य न्याय तक आमजन की पहुंच को सुदृढ़ करना, कानूनी जागरूकता बढ़ाना, प्रो बोनो विधिक सेवाओं को प्रोत्साहित करना तथा पिछले 12 वर्षों में न्याय क्षेत्र में हुए महत्वपूर्ण सुधारों और उपलब्धियों को प्रदर्शित करना है।

कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वर्षभर चलने वाले विधिक जागरूकता अभियान ‘न्याय प्रबोध – अवेकनिंग टू जस्टिस’ का शुभारंभ होगा। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाना तथा न्याय व्यवस्था में जनभागीदारी को मजबूत करना है।

अभियान के अंतर्गत ‘नो योर राइट्स इन 90 सेकंड्स’, ‘न्याय क्विज’ और ‘प्रो बोनो प्लेज’ जैसी पहलें शुरू की जाएंगी। इनके माध्यम से नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, अधिवक्ताओं एवं विधि पेशेवरों को कानूनी अधिकारों, संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी द्वारा संचालित प्रो बोनो गतिविधियों पर विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही टेली-लॉ लाभार्थियों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन तथा पैनल अधिवक्ताओं, कॉमन सर्विस सेंटर के वीएलई और लाभार्थियों के साथ संवाद भी आयोजित होगा।

क्षेत्रीय कार्यशाला में न्यायिक संस्थानों, विधिक सेवा प्राधिकरणों, बार एसोसिएशनों, शिक्षण संस्थानों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा विभिन्न हितधारकों की व्यापक भागीदारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला