home page

नवनियुक्त पंचायत प्रतिनिधियों को भूमि विवाद और वन कानूनों की दी जानकारी

 | 
नवनियुक्त पंचायत प्रतिनिधियों को भूमि विवाद और वन कानूनों की दी जानकारी


मंडी, 08 सितंबर (हि.स.)। मंडी जिला के सुंदरनगर विकास खंड कार्यालय के सभागार में नवनियुक्त पंचायत प्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने की। प्रशिक्षण में ग्राम पंचायत बरोटी, टिहरी, सलापड़ कॉलोनी, चनोल और नालग के प्रधान, उपप्रधान तथा वार्ड पंचों ने भाग लिया।

एसडीएम अमर नेगी ने पंचायत प्रतिनिधियों को भूमि विवादों, वन अधिकार अधिनियम एफआरए, वन संरक्षण अधिनियम (एफसीए) तथा नशा निवारण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने पार्टिशन (बंटवारा), डिमार्केशन (सीमांकन) और अतिक्रमण से जुड़े मामलों में लागू नियमों एवं प्रक्रियाओं को विस्तार से समझाया और अपने प्रशासनिक अनुभव साझा किए। उन्होंने एफआरए और एफसीए के तहत विकास कार्यों तथा व्यक्तिगत एवं सामुदायिक वन अधिकार दावों की प्रक्रिया की जानकारी भी दी। नशा निवारण को लेकर उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से सक्रिय भूमिका निभाने, प्रभावित लोगों को उपचार एवं पुनर्वास के लिए प्रेरित करने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने का आह्वान किया।

जिला विकास अधिकारी मंडी गोपी चंद पाठक ने भी प्रशिक्षण सत्र लिया। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ वी.बी.जी. राम जी योजना से संबंधित अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने योजना के नियमों, दिशानिर्देशों और मनरेगा की तुलना में हुए बदलावों की जानकारी दी तथा फील्ड में प्रभावी कार्यान्वयन के लिए व्यावहारिक सुझाव दिए। खंड विकास अधिकारी सुंदरनगर नियोन धैर्य शर्मा ने सभी वक्ताओं व प्रतिभागियों का धन्यवाद किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा