home page

महिला आरक्षण बिल को लेकर भाजपा कर रही संविधान का अपमान : सुरेश कुमार

 | 
महिला आरक्षण बिल को लेकर भाजपा कर रही संविधान का अपमान : सुरेश कुमार


हमीरपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा पर जमकर हमला बोलते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं भोरंज विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण बिल के साथ देश के संविधान का अपमान कर रही है। शुक्रवार को हमीरपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में विधायक ने भाजपा पर तीखे प्रहार किए और कई गंभीर सवाल खड़े किए।

विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि महिला आरक्षण बिल 2023 में संसद के अंदर पूर्ण बहुमत से पारित हो चुका है और 16 अप्रैल को राजपत्र में नोटिफाई भी किया जा चुका है। इसके बावजूद भाजपा फिर से यह बिल ला रही है, जो संविधान का अपमान है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल महिलाओं की हितैषी होने का ड्रामा कर रही है, जबकि देश में महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचारों पर भाजपा की चुप्पी साफ नजर आती है।

विधायक ने भाजपा के महिला मोर्चे पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा अध्यक्ष के भाई पर और कई विधायकों पर महिला उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगे हैं, लेकिन भाजपा महिला मोर्चा इन मामलों पर एक शब्द भी नहीं बोलता। खिलाड़ी महिलाओं के यौन शोषण के खिलाफ धरने पर बैठी रहीं, तब भी भाजपा चुप रही। देश में महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों पर उन्होंने भाजपा की मौन नीति पर सवाल खड़ा किया।

सुरेश कुमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने ही महिलाओं को पंचायत चुनावों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया था। स्वर्गीय राजीव गांधी ने संविधान में 73वां संशोधन कर इसे पारित किया था। सोनिया गांधी के प्रयासों से ही महिला आरक्षण बिल संसद में आया और कांग्रेस ने ध्वनि मत से उसे पारित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे पर केवल फिजूल की बयानबाजी कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा