home page

सतलुज नदी में कूदी महिला की पुलिस ने बचाई जान

 | 
सतलुज नदी में कूदी महिला की पुलिस ने बचाई जान


शिमला, 01 अप्रैल (हि.स.)। जिला शिमला के रामपुर क्षेत्र में सतलुज नदी में छलांग लगाने वाली एक महिला को पुलिस ने समय रहते बचाकर उसकी जान बचा ली। इस दौरान पुलिस टीम के आरक्षी सतपाल ने साहस का परिचय देते हुए खुद नदी में छलांग लगाई और महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार मंगलवार को थाना रामपुर को सूचना मिली कि एक महिला बजीर बावड़ी पुल से सतलुज नदी में कूदने का प्रयास कर रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके के लिए रवाना हुए। पुलिस टीम के पहुंचने के दौरान ही महिला ने नदी में छलांग लगा दी।

मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने बिना समय गंवाए तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। इसी दौरान आरक्षी सतपाल ने साहस दिखाते हुए सतलुज नदी में छलांग लगाई और महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अन्य पुलिस कर्मियों ने भी बचाव कार्य में सक्रिय सहयोग दिया और महिला को तुरंत नदी से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

महिला की पहचान अशोक कुमारी (44 वर्ष) निवासी निरमंड, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने उन्हें तुरंत रामपुर के खनेरी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार किया। बाद में महिला को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा