home page

नाहन के रामा में सजेगा क्रिकेट का महाकुंभ, 3 अप्रैल से शुरू होगी व्हाइट लेदर बॉल प्रतियोगिता

 | 

नाहन, 24 मार्च (हि.स.)। सिरमौर के नाहन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव रामा में आगामी 3 अप्रैल से एक भव्य ग्रीष्मकालीन व्हाइट लेदर बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। स्थानीय ग्रामवासियों की पहल पर आयोजित होने वाला यह टूर्नामेंट न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करेगा, बल्कि रामा के खूबसूरत खेल मैदान और वहां के शांत वातावरण से खिलाड़ियों को रूबरू भी कराएगा। 11 अप्रैल तक चलने वाली पंजीकरण प्रक्रिया के बाद इस खेल महाकुंभ का विधिवत आगाज होगा।

प्रतियोगिता के पुरस्कारों की घोषणा करते हुए आयोजकों ने बताया कि इस बार टूर्नामेंट की विजेता टीम को ₹51,000 की नकद राशि के साथ एक भव्य ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। उपविजेता रहने वाली टीम को ₹31,000 और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। खेल की गरिमा और खिलाड़ियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के लिए सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीमों को ₹5100, जबकि मैन ऑफ द सीरीज के लिए ₹2100 का नकद इनाम रखा गया है। इसके अतिरिक्त, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और गेंदबाज को भी ₹1100-₹1100 की पुरस्कार राशि और ट्रॉफियां दी जाएंगी।

टूर्नामेंट के तकनीकी पहलुओं पर जानकारी देते हुए आयोजन समिति ने बताया कि सभी मैच व्हाइट लेदर बॉल से खेले जाएंगे, जो आयोजकों द्वारा ही उपलब्ध कराई जाएगी। पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के लिए सभी खिलाड़ियों को अपना पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य किया गया है। टीमों को 1 अप्रैल से पहले ₹1000 के शुरुआती भुगतान के साथ प्री-रजिस्ट्रेशन करवाना होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर