home page

बीज गेहूं की सब्सिडी राशि नहीं मिलने पर भड़के किसान

 | 

नाहन, 29 जुलाई (हि.स.)। पांवटा साहिब क्षेत्र में बीज गेहूं की सब्सिडी की राशि अब तक किसानों के खातों में नहीं पहुंचने से अन्नदाताओं में भारी रोष है। इसी मुद्दे को लेकर वीरवार को किसान नेता कृषि विभाग कार्यालय, पांवटा साहिब पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष किसानों की मांग रखी। किसानों का आरोप है कि उन्हें केवल आश्वासन ही मिला, लेकिन भुगतान को लेकर कोई ठोस जानकारी नहीं दी गई।

किसान नेता गुरविंदर सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 10 अगस्त तक करीब 180 किसानों के खातों में बीज गेहूं की राशि नहीं पहुंची, तो किसान चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को मजबूर होकर धरना-प्रदर्शन, नारेबाजी और आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

उन्होंने कहा कि इस समय धान की रोपाई का कार्य चल रहा है, लेकिन बीज गेहूं की सब्सिडी की राशि समय पर नहीं मिलने से किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। कई किसानों के पास खेतों में काम करने वाले मजदूरों को मजदूरी देने तक के पैसे नहीं हैं, जिससे खेती का कार्य भी प्रभावित हो रहा है।

अधिकारियों ने कहा कि विभाग किसानों की परेशानी और उनकी भावनाओं को भली-भांति समझता है। किसानों को थोड़ी असुविधा अवश्य हुई है, लेकिन विभाग लगातार सरकार के संपर्क में है और उम्मीद है कि जल्द ही सभी पात्र किसानों को उनकी लंबित राशि मिल जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर