शिमला में दोपहर को छाया अंधेरा, दुकानों-वाहनों की लाइटें जलीं
शिमला, 16 मार्च (हि.स.)। राजधानी शिमला में सोमवार को मौसम ने अचानक ऐसा करवट ली कि दिन के समय ही रात जैसा अंधेरा छा गया। दोपहर करीब तीन बजे आसमान में घने काले बादल छा गए और देखते ही देखते शहर में रोशनी कम हो गई। हालात ऐसे हो गए कि कई दुकानदारों को अपनी दुकानों में लाइटें जलानी पड़ीं, जबकि सड़क पर चल रहे वाहन चालकों ने भी हेडलाइटें ऑन कर दीं। अचानक बदले इस मौसम ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों दोनों को चौंका दिया।
करीब आधे घण्टे तक शिमला अंधकारमय रहा। इसके बाद मौसम सामान्य हो गया, लेकिन बारिश व ओलावृष्टि का दौर रुक-रुक कर चलता रहा। सुबह से ही शहर में बादलों का डेरा था और बीच-बीच में तेज हवाएं चल रही थीं।
दोपहर के समय मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। इस दौरान कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई, जिससे तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई। संजौली सहित शहर के कुछ उपनगरीय क्षेत्रों में भी ओले गिरे, जिससे सड़कें कुछ समय के लिए सफेद नजर आने लगीं। अचानक हुए इस मौसम परिवर्तन से जहां लोग हैरान दिखाई दिए, वहीं मॉल रोड व रिज मैदान में घूमने आए सैलानियों ने इस बदले मौसम का जमकर आनंद लिया।
ठंडी हवाओं और बारिश के चलते वातावरण में सर्दी का अहसास बढ़ गया। कई लोगों को फिर से गर्म कपड़े निकालने पड़े। पर्यटकों व स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद मार्च के मध्य में दिसंबर जैसा ठंडा मौसम महसूस हो रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच से छह घंटों के दौरान चम्बा, कांगड़ा, किन्नौर, लाहौल स्पीति, कुल्लू और शिमला जिला के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी की संभावना है। राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी है, जबकि निचले इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है।
मौसम विभाग ने 17 और 18 मार्च के लिए 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़, बिजली गिरने और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 19 मार्च को भारी बारिश, ओलावृष्टि, बिजली कड़कने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 20 मार्च के लिए फिर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम में आए इस बदलाव ने लंबे समय से चल रहे ड्राई स्पेल को भी तोड़ दिया है। बारिश और बर्फबारी से किसानों और बागवानों ने राहत की सांस ली है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

