गिरी पेयजल योजना में पानी की कोई कमी नहीं : अजय सोलंकी
नाहन, 22 जून (हि.स.)। गिरी नदी पेयजल योजना को लेकर नाहन में सियासी पारा पूरी तरह गरमा गया है। भाजपा नेता डॉ. राजीव बिंदल की प्रेस कॉन्फ्रेंस के ठीक अगले दिन स्थानीय विधायक अजय सोलंकी ने उन पर पलटवार करते हुए तीखा हमला बोला है। सोलंकी ने कहा कि राजनीति का असली उद्देश्य जनता की समस्याओं का व्यावहारिक समाधान ढूंढना होना चाहिए, न कि हर छोटी-बड़ी परिस्थिति में भ्रम और सनसनी पैदा करके सुर्खियां बटोरना।
हाल ही में पेयजल योजना को लेकर सामने आए बयानों पर स्थिति स्पष्ट करते हुए विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि गिरी नदी आधारित मुख्य योजना पूरी तरह सुरक्षित और सुचारू है। वास्तविक स्थिति यह है कि पिछले कल तकनीकी कारणों से महज एक ट्यूबवेल में कुछ खराबी आ गई थी। विभाग ने पूरी मुस्तैदी दिखाते हुए रिकॉर्ड समय यानी महज 24 घंटे के भीतर इसे दुरुस्त कर दिया है। वर्तमान में नाहन क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और आम जनता को किसी भी तरह के राजनैतिक भ्रम या घबराहट में आने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है।
बिंदल के आरोपों को खारिज करते हुए सोलंकी ने कहा कि हमारे विभागीय अधिकारियों और फील्ड कर्मचारियों ने हमेशा की तरह अपनी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का परिचय दिया है। पिछले वर्षों में भी जब-जब प्राकृतिक आपदाओं के कारण पाइपलाइनें प्रभावित हुईं, तब भी कर्मचारियों ने दिन-रात एक करके रिकॉर्ड समय में योजनाओं को बहाल किया।
इस दौरान विधायक ने इस ऐतिहासिक योजना की नींव रखने के लिए प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की दूरदर्शिता के कारण ही नाहन क्षेत्र को यह महत्वपूर्ण पेयजल योजना मिल सकी थी। विकास और जनहित के ऐसे बड़े कार्य दलगत राजनीति से बहुत ऊपर होते हैं और विपक्ष को भी इसका सदैव सम्मान करना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

