home page

राजगढ़ इलाके में उपभोक्ताओं को दो साल से नहीं मिले पानी के बिल,

 | 

नाहन, 27 नवंबर (हि.स.)। सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल में पिछले डेढ़ से दो साल से पेयजल के बिल नहीं मिलने से उपभोक्ता परेशान हैं। नगर पंचायत राजगढ़ सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले डेढ़ से दो साल से पेयजल उपभोक्ताओं को पानी के बिल नहीं मिले हैं। लंबे समय से बिल जारी न होने के कारण जहां उपभोक्ताओं में असमंजस बना हुआ है, वहीं एक साथ भारी-भरकम बिल आने की आशंका से लोग चिंतित हैं। स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि विभाग की ओर से पेयजल आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है, लेकिन पानी के बिल घरों तक नहीं पहुंच रहे हैं।

आमतौर पर उपभोक्ता निर्धारित समय पर अपने बिलों का भुगतान करते हैं, लेकिन लंबे समय से बिल नहीं मिलने के कारण उन्हें यह समझ नहीं आ रहा कि विभाग बकाया राशि का भुगतान किस तरह करवाएगा।लोगों की सबसे बड़ी चिंता यह है कि यदि विभाग ने डेढ़ से दो साल का बकाया बिल एक साथ जारी कर दिया तो कई परिवारों पर हजारों रुपये का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है। उनका कहना है कि अधिकांश परिवार अपनी मासिक आय के अनुसार घरेलू खर्चों का प्रबंधन करते हैं। ऐसे में एकमुश्त बड़ी राशि का भुगतान करना मुश्किल हो सकता है।

उपभोक्ताओं ने सवाल उठाए हैं कि आखिर इतने लंबे समय से बिलिंग प्रक्रिया क्यों ठप पड़ी हुई है। यदि विभाग किसी तकनीकी समस्या या ऑनलाइन बिलिंग व्यवस्था में बदलाव के कारण बिल जारी नहीं कर पा रहा था तो इसकी जानकारी उपभोक्ताओं को पहले ही दी जानी चाहिए थी। लोगों ने विभाग से मांग की है कि बिलिंग व्यवस्था को जल्द नियमित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति पैदा न हो।

इस संबंध में जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता सिद्धार्थ ने बताया कि बिल जारी करने में देरी का मुख्य कारण विभाग की बिलिंग प्रणाली को ऑनलाइन करने की प्रक्रिया रही है। विभाग पिछले कुछ समय से बिलिंग व्यवस्था को डिजिटल बनाने में जुटा हुआ था, जिसके चलते उपभोक्ताओं को नियमित रूप से बिल उपलब्ध करवाने में देरी हुई।

उन्होंने आश्वासन दिया कि राजगढ़ क्षेत्र में जल्द ही ऑनलाइन माध्यम से पेयजल के बिल जारी किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबे समय से लंबित बिलों के कारण उपभोक्ताओं पर एक साथ अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं डाला जाएगा। विभाग इस बात का ध्यान रखेगा कि आम लोगों को बकाया बिलों के भुगतान को लेकर अनावश्यक परेशानी न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर