home page

मंडी के नेला में महिलाओं के लिए वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित

 | 
मंडी के नेला में महिलाओं के लिए वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित


मंडी, 18 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक शाखा, सौली खड्ड मंडी द्वारा नाबार्ड के सौजन्य से गांव नेला में एक दिवसीय वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शाखा प्रबंधक अनिल धरवाल ने उपस्थित महिलाओं को बैंक की विभिन्न बचत एवं ऋण योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

उन्होंने बैंक की नई महिला सशक्तिकरण ऋण योजना के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए महिलाओं से योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया। इसके अलावा जन सुरक्षा योजनाओं के तहत प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना की पात्रता एवं लाभों के बारे में भी जानकारी दी गई।

शिविर में डिजिटल बैंकिंग के फायदों के साथ-साथ ऑनलाइन बैंकिंग के दौरान होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया।

बैंक प्रबंधक ने प्रतिभागियों को सुरक्षित डिजिटल लेन-देन अपनाने तथा किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने की सलाह दी।

शिविर में लगभग 55 से 60 महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बैंक अधिकारियों ने महिलाओं की बैंकिंग एवं वित्तीय योजनाओं से संबंधित जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा