विश्व मानक दिवस पर सराज में पंचायत प्रतिनिधियों को गुणवत्ता मानकों एवं उपभोक्ता संरक्षण के प्रति किया जागरूक
मंडी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। विश्व मानक दिवस-2026 के अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो बीआईएस, परवाणू शाखा कार्यालय द्वारा मंडी जिला विकास खंड सराज के पंचायत समिति सदस्यों, ग्राम पंचायत प्रधानों एवं पंचायत सचिवों के लिए पंचायत समिति सम्मेलन हॉल, जंजैहली में संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसकी अध्यक्षता बीआईएस परवाणू शाखा कार्यालय के प्रमुख एवं निदेशक, वैज्ञानिक-ई एस.सी. नायक ने की।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को सार्वजनिक विकास कार्यों में गुणवत्ता मानकों के महत्व तथा उपभोक्ता संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। इस दौरान पंचायत स्तर पर सरकारी कार्यों में भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा प्रमाणित उत्पादों के उपयोग और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों को सीमेंट, स्टील, बिजली के उपकरणों, पाइप सहित अन्य निर्माण सामग्री में आईएसआई मार्क वाले उत्पादों का उपयोग सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही, भारत सरकार द्वारा जारी गुणवत्ता नियंत्रण आदेशों (क्यूसीओ) की जानकारी दी गई। इन आदेशों के तहत अनिवार्य बीआईएस प्रमाणन वाले उत्पादों को बिना प्रमाणन के बेचना या उपयोग करना नियमानुसार दंडनीय हो सकता है। प्रतिभागियों को सोने के आभूषणों की हॉलमार्किंग, हॉलमार्क विशिष्ट पहचान संख्या एचयूआईडी के महत्व तथा आभूषणों की शुद्धता और प्रामाणिकता की जांच के बारे में जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त, बीआईएस केयर ऐप का प्रदर्शन करते हुए आईएसआई लाइसेंस और एचयूआईडी के सत्यापन तथा घटिया या नकली उत्पादों के संबंध में शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया भी समझाई गई। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्ता मानकों के प्रति जागरूकता फैलाने और उपभोक्ता हितों की रक्षा करने में ग्राम पंचायतों की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में लगभग 80 पंचायत प्रतिनिधियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

