home page

मंडी में साहित्यकार सत्य महेश शर्मा की पुस्तक का विमोचन

 | 
मंडी में साहित्यकार सत्य महेश शर्मा की पुस्तक का विमोचन


मंडी, 23 नवंबर (हि.स.)। जब सेवा साधना बन जाती है और साहित्य संस्कृति का दीपक, तब उत्सव केवल आयोजन नहीं रह जाता, बल्कि वह स्मृति बन जाता है। ऐसा ही एक अविस्मरणीय क्षण पड्डल स्थित हृदय मंदिर परिसर में देखने को मिला, जहां मानव सेवा ही माधव सेवा के पावन भाव से हृदयवासी सेवा समिति के वार्षिक उत्सव में साहित्यकार सत्य महेश शर्मा की नई पुस्तक छोटी काशी का शाक्त मत और तंत्र परंपरा का विमोचन किया गया।

पुस्तक का विमोचन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) राकेश कपूर, नगर निगम मंडी की मेयर सुमन ठाकुर, डिप्टी मेयर जितेन्द्र शर्मा और हृदयवासी सेवा समिति के अध्यक्ष सुरेश बिष्ट की गरिमामय उपस्थिति में हुआ।

इस गरिमामय अवसर पर सत्य महेश शर्मा के पिता सुदर्शन शर्मा, सेवानिवृत्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र शर्मा, साहित्यकार मुरारी शर्मा, पांगणा से आए लोक साहित्यकार डॉ. जगदीश शर्मा और गायत्री परिवार से संबंध रखने वाले डॉ. देवेन्द्र ठाकुर भी उपस्थित रहे। सभी ने लेखक को शुभकामनाएं दीं और पुस्तक को मंडी की सांस्कृतिक विरासत के लिए महत्वपूर्ण योगदान बताया।

सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी में इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश ने पुस्तक पर अपनी सारगर्भित बात रखते हुए कहा कि मंडी केवल मंदिरों का शहर नहीं है, यह आस्था, साधना और तंत्र परंपरा की जीवंत भूमि है। छोटी काशी का शाक्त मत और तंत्र परंपरा केवल इतिहास की पुस्तक नहीं, बल्कि मंडी की आत्मा को समझने का एक सजीव दस्तावेज है।

उन्होंने कहा कि यह पुस्तक हमें बताती है कि मंडी के देवी मंदिर, शक्तिपीठ, तंत्र साधना और लोक मान्यताएं किस तरह सदियों से इस क्षेत्र की संस्कृति को सींचती आ रही हैं। जो व्यक्ति मंडी के इतिहास और आध्यात्मिक मान्यताओं को गहराई से जानना चाहता है, उसके लिए यह पुस्तक अवश्य पठनीय है। इससे पहले सत्य महेश शर्मा की छोटी काशी का अध्यात्म और मूर्तिकला, मम मातु, थोड़ी सी संवेदना, छोटी काशी के देव उत्सव और अद्भुत पराशर आदि पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा