home page

हिमाचल के अधिकारी कर्नाटक में करेंगे शहरी विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर मॉडल्स का अध्ययन : विक्रमादित्य सिंह

 | 
हिमाचल के अधिकारी कर्नाटक में करेंगे शहरी विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर मॉडल्स का अध्ययन : विक्रमादित्य सिंह


बेंगलुरु, 22 मई (हि.स.)। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंहने शुक्रवार को बेंगलुरु में सिद्धारमैया से शिष्टाचार भेंट कर हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकासात्मक गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक के दौरान दोनों राज्यों में लोक निर्माण एवं शहरी विकास विभागों द्वारा लागू की जा रही विभिन्न विकास परियोजनाओं और आधुनिक विकास मॉडल्स पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में विक्रमादित्य सिंह ने कर्नाटक में सड़क निर्माण एवं सड़कों को अधिक टिकाऊ और मजबूत बनाने के लिए अपनाई जा रही नवीनतम तकनीकों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इन आधुनिक तकनीकों का उपयोग हिमाचल प्रदेश की सड़कों को और अधिक बेहतर एवं सुरक्षित बनाने में किया जाएगा।

लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शीघ्र ही लोक निर्माण विभाग और शहरी विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के एक दल को कर्नाटक भेजेगी, ताकि वहां शहरी विकास एवं आधारभूत संरचना निर्माण में अपनाए जा रहे सफल मॉडलों का अध्ययन किया जा सके।

इस अवसर पर विक्रमादित्य सिंह ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को हिमाचल प्रदेश आने का निमंत्रण भी दिया।

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी नीतियों एवं विकास कार्यों का दोनों राज्य गहन अध्ययन करेंगे, ताकि एक-दूसरे की सफल योजनाओं और नीतियों को अपनाकर आम जनता को अधिक लाभ पहुंचाया जा सके।

इसके उपरांत विक्रमादित्य सिंह ने कर्नाटक के उप-मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमारसे भी भेंट की और प्रदेश हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला