मंडी के पड्डल मैदान में धूं -धूं कर जले रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले
मंडी, 20 अक्टूबर (हि.स.)।
विजयदशमी के मौके पर छोटी काशी मंडी में आकर्षक शोभायात्रा के बाद ऐतिहासिक पड्डल मैदान में लगाए गए बुराई के प्रतीक रावण, मेघनाथ व कुंभकरण के पुतलों को आग के हवाले किया गया। इस मौके पर शहर के हजारों लोग पड्डल मैदान में उमड़े थे। नगर निगम व जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में महापौर सुमन ठाकुर, उपायुक्त अपूर्व देवगन, आयुक्त नगर निगम डॉ मदन कुमार, उपमहापौर जितेंद्र शर्मा, सभी पार्षदगण, अधिकारी व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
महापौर व उपायुक्त ने तीर चलाकर पुतलों को आग जलाई, जिसके बाद तीनों पुतले धू धू कर जल उठे। पूरा मैदान जय श्री राम के नारों से गूंज उठा। इसी बीच ज्ञान विज्ञान समिति के कार्यकर्ताओं ने भी आज के रावण का पुतला फूंका। आज के रावण के पुतले के तौर सभी बुराइयों का प्रतीकात्मक दहन किया गया। मंडी में इस दौरान मेले जैसा माहौल रहा। वाहनों की रेलमपेल भी लगातार बनी रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

