home page

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के 10 जुलाई के शिमला दौरे की तैयारियां तेज

 | 
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के 10 जुलाई के शिमला दौरे की तैयारियां तेज


शिमला, 08 जुलाई (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के 10 जुलाई को प्रस्तावित शिमला दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपराष्ट्रपति के दौरे को सुरक्षित, व्यवस्थित और प्रोटोकॉल के अनुरूप संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने सभी विभागों को निर्धारित समय के भीतर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दौरे से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं भारत सरकार और राज्य सरकार के तय प्रोटोकॉल के अनुसार सुनिश्चित की जाएंगी।

बैठक में हेलीकॉप्टर लैंडिंग स्थल की तैयारियों पर विशेष चर्चा हुई। हेलीपैड पर सुरक्षित अवतरण और उड़ान, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, संचार व्यवस्था और संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग को उपराष्ट्रपति के दौरे के दौरान सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके तहत चिकित्सा दल, एम्बुलेंस, चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती, जीवन रक्षक दवाओं और उपकरणों की उपलब्धता तथा आपात स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करने को कहा गया।

अग्निशमन विभाग को हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर अग्निशमन वाहनों, उपकरणों और प्रशिक्षित कर्मियों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, यातायात और पार्किंग प्रबंधन, रूट प्लान, वीवीआईपी मूवमेंट, बिजली और पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता, लोक निर्माण विभाग की ओर से मार्गों के निरीक्षण और आवश्यक मरम्मत, संचार व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, बिजली बैकअप और प्रोटोकॉल से जुड़ी अन्य तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा