home page

वीर नारियाें, देश की रक्षा के लिए कुर्बान हुए सैनिकों के परिजनों को भी मिला सम्मान

 | 
वीर नारियाें, देश की रक्षा के लिए कुर्बान हुए सैनिकों के परिजनों को भी मिला सम्मान


मंडी, 30 अगस्त (हि.स.)। मंडी सदर क्षेत्र की निचला लोट पंचायत में रविवार को ऐसा भव्य समारोह हुआ जिसमें इलाके की वीर नारियों, देश की रक्षा के लिए कुर्बान हुए शहीदों के परिजनों व जांबाजों को सम्मानित किया गया। गोखड़ा पंचायत भवन में हुए इस कार्यक्रम का आयोजन ‘लोअर तुंगल ग्रुप‘ ने किया जिसमें लगभग 100 पूर्व सैनिकों व वीर नारियों ने भाग लिया । कार्यक्रम में चार वीर नारियाें को मुख्य अतिथि बनाया गया जिनमें 1971 भारत-पाक युद्ध में वीरगति प्राप्त वीर योद्धा, सिपाही नरोत्तम राम की धर्मपत्नी कृष्णा देवी, उग्रवाद की लड़ाई में वीरगति को प्राप्त हवलदार तेज सिंह, जिनके शौर्य और अदम्य साहस के लिए मरणोपरांत, तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई द्वारा ‘‘असाधारण वीरता प्रशस्ति पत्र‘‘ प्रदान किया गया था, उनकी धर्मपत्नी मीरा देवी, हवलदार सुरेश कुमार जिन्होंने कारगिल के बटालिक सेक्टर में वीरगति प्राप्त की थी, उनकी धर्मपत्नी धनी देवी, तथा हवलदार गांधी राम जिन्होंने कुपवाड़ा में उग्रवादियों के साथ मुठभेड़ में 2001 में वीरगति प्राप्त की थी, उनकी धर्मपत्नी पूरनू देवी शामिल रही।

इस सम्मान समारोह में चार 80 साल के ऊपर के वरिष्ठ युवा पूर्व सैनिकों, दो पत्रकार विजय कुमार व कंचन कुमारी तथा इंडिया के शूटर व इंडिया टीम के कोच हॉनरेरी कैप्टन हेमराज राना, को भी सम्मानित किया गया । चार घंटे तक चला यह कार्यक्रम पूरी तरह से देश के जवानों की कुर्बानी की यादों व उनकी जांबाजी के माहौल से सराबोर रहा। समारोह में तीन मुख्य वक्ताओं पूर्व सैनिकों के वेलफेयर संबंधी जानकारियां दी ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा