home page

डी.ए.वी. मंडी में वेद सप्ताह एवं नशा-मुक्ति जागरूकता सत्र का हुआ शुभारंभ

 | 
डी.ए.वी. मंडी में वेद सप्ताह एवं नशा-मुक्ति जागरूकता सत्र का हुआ शुभारंभ


मंडी, 17 अगस्त (हि.स.)। डी.ए.वी. सेंटेनरी पब्लिक स्कूल, मंडी में आर्य युवा समाज के तत्वावधान में श्रावणी पर्व के उपलक्ष्य में छह दिवसीय वेद सप्ताह का शुभारंभ पवित्र वैदिक हवन-यज्ञ के साथ अति-उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में हुआ। इसके पश्चात नशा मुक्त भारत अभियान व मिशन स्पंदन के तहत प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय से पधारे मुख्य अतिथियों बी.के. टीना , बी.के. ईशांत एवं बी.के. मधु का ओम शांति के उद्घोष के साथ औपचारिक अभिनंदन किया गया। दादी प्रकाशमणि की पावन स्मृति में आयोजित 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के अंतर्गत बी.के. टीम ने विद्यार्थियों को नशे के गंभीर दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए योगी जीवन, अध्यात्म और नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य के.एस. गुलेरिया ने कहा कि आज के आधुनिक युग में युवाओं को नशे से दूर रखकर उनमें चरित्र-निर्माण और अनुशासन का सिंचन करना ही सच्ची शिक्षा है; उन्होंने यह भी बताया कि इस सप्ताह के दौरान वृद्धाश्रम अनुदान, पौधारोपण अभियान, भाषण, अनुच्छेद लेखन व मंत्रोच्चारण जैसी विविध प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी, जिनका समापन एक विशाल वैदिक शोभायात्रा के साथ किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा