सूचना प्रसार में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के सामर्थ समझना अत्यंत आवश्यक: अपूर्व देवगन
मंडी, 23 जुलाई (हि.स.)। सोशल मीडिया और फेक न्यूज के इस दौर में मीडिया के लिए ब्रेकिंग एवं स्पीड के चक्कर में सही परिणाम प्रभावित होते हैं। पत्र सूचना कार्यालय शिमला द्वारा मंडी में एक दिवसीय जिला स्तरीय मीडिया कार्यशाला वार्तालाप' का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन बतौर मुख्यअतिथि मौजूद रहे। वहीं, मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यशाला का मुख्य विषय सूचना प्रसार में सुधार रहा, जिसके तहत जन-कल्याणकारी योजनाओं, सटीक सूचना के त्वरित प्रसार, फेक न्यूज की चुनौतियों तथा क्षेत्रीय विकास से जुड़े विभिन्न आयामों पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर अपूर्व देवगन ने कहा कि कहा कि वर्तमान समय में पारदर्शी प्रशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सही सूचना का प्रसार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मीडिया सरकार और जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करता है। उन्होंने पीआईबी द्वारा आयोजित इस कार्यशाला की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से प्रशासनिक अधिकारियों और मीडिया के बीच संवाद व समन्वय और अधिक सुदृढ़ होता है।
उन्होंने कहा कि सिविल सेवा की तैयारी कर रहे युवा उम्मीदवारों के लिए पीआईबी एक अहम और भरोसेमंद स्रोत है।
वहीं पर एसपी मंडी विनोद कुमार ने समाज में नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने युवाओं को सही दिशा देने और समाज को नशा मुक्त बनाने में मीडिया की सकारात्मक भूमिका को रेखांकित किया। इसके साथ ही उन्होंने जिले में कानून व्यवस्था को क़ायम रखने के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं पर भी प्रकाश डाला।
कार्यशाला की शुरुआत पीआईबी शिमला के सहायक निदेशक संजीव कुमार शर्मा के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने वार्तालाप आयोजित करने के मुख्य उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। वार्तालाप में मंडी के डीपीओ अजय बद्रेल ने महिला सशक्तिकरण, बागवानी विभाग, मंडी की विषय वस्तु विशेषज्ञ सुश्री पूजा गौतम ने बागवानी योजनाएं व नवाचार, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मंडी के आपातकालीन परिचालन केंद्र के प्रभारी प्रवीण भारद्वाज ने आपदा प्रबंधन के प्रयास और पहाड़ी लघु चित्रकारी के कलाकार राजेश कुमार ने मंडी की सांस्कृतिक विरासत मंडी कलम के इतिहास, इसकी बारीकियों और इस विलुप्त होती कला के संरक्षण हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

