home page

अंतर-पीढ़ी जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय विस्तृत कार्यशाला आयोजित

 | 
अंतर-पीढ़ी जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय विस्तृत कार्यशाला आयोजित


मंडी, 28 मार्च (हि.स.)। वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद मंडी के सभागार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तत्वावधान में अंतर-पीढ़ी जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय विस्तृत कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों एवं युवाओं के बीच आपसी संवाद, समन्वय एवं पारस्परिक सम्मान को बढ़ावा देना तथा उन्हें सामाजिक, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं वित्तीय विषयों पर जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में लगभग 120–130 प्रतिभागियों वरिष्ठ नागरिकों एवं युवाओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक अवस्थी, राज्य अध्यक्ष, वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद द्वारा की गई, जिन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव एवं युवाओं की ऊर्जा के समन्वय को समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया तथा ऐसे कार्यक्रमों की निरंतरता पर बल दिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत टॉक एवं एक्सचेंज सत्र आयोजित किया गया, जिसमें दोनों पीढ़ियों के बीच विचारों एवं अनुभवों का खुला आदान-प्रदान हुआ। इसके अतिरिक्त काव्य पाठ सत्र में प्रतिभागियों ने जीवन के विभिन्न पहलुओं जैसे संवेदनाएं, अनुभव, संघर्ष एवं आशाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिससे कार्यक्रम में एक सकारात्मक एवं भावनात्मक वातावरण का निर्माण हुआ।

इस अवसर पर एएसपी अभिमन्यु वर्मा द्वारा साइबर अपराधों से बचाव पर विस्तृत एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने की धोखाधड़ी, बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया ठगी एवं लिंक आधारित साइबर अपराधों से सावधान रहने के लिए जागरूक किया। साथ ही उन्होंने सुरक्षित पासवर्ड बनाने, अनजान कॉल एवं संदेशों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देने की आवश्यकता पर बल दिया।

डॉ. विक्रांत ठाकुर ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए योग, प्राणायाम एवं स्वस्थ आहार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास, संतुलित दिनचर्या एवं आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाकर वृद्धावस्था में भी स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन व्यतीत किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने दैनिक जीवन में सरल व्यायाम एवं पौष्टिक आहार को शामिल करने के लिए प्रेरित किया। सुनील कुमार, प्रबंधक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा डिजिटल बैंकिंग से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की गई।

उन्होंने एटीएम, यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग एवं इंटरनेट बैंकिंग के सुरक्षित उपयोग के बारे में बताते हुए वरिष्ठ नागरिकों को स्वयं निर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया तथा ऑनलाइन लेन-देन करते समय बरती जाने वाली सावधानियों पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम के दौरान रणपत राणा एवं तेज सिंह गुप्ता द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया, जिसमें सभी विशिष्ट अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा