home page

रोहड़ू अस्पताल में स्टाफ की कमी, 150 में से 31 पद खाली, डॉक्टरों के छह पद भी रिक्त

 | 

शिमला, 23 नवंबर (हि.स.)। शिमला जिला के रोहड़ू सिविल अस्पताल में मेडिकल व पैरामेडिकल स्टाफ की कमी सामने आई है। अस्पताल में विभिन्न श्रेणियों के कुल 150 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 31 पद खाली पड़े हैं। इनमें मेडिकल ऑफिसर के छह पद भी शामिल हैं। इसके अलावा स्टाफ नर्स, फार्मेसी ऑफिसर, नेत्र जांच अधिकारी और अन्य श्रेणियों के पद भी रिक्त हैं। यह जानकारी हाल ही में धर्मशाला में आयोजित हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान सामने आई।

रोहड़ू के विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने विधानसभा में सिविल अस्पताल रोहड़ू में खाली पदों को लेकर सवाल पूछा था। इसके जवाब में सरकार ने एक नवंबर 2026 तक की स्थिति के अनुसार अस्पताल में स्वीकृत, भरे और रिक्त पदों का विवरण सदन में रखा। सरकार ने बताया कि अस्पताल में मेडिकल, पैरामेडिकल, स्टाफ नर्स और अन्य श्रेणियों के कुल 31 पद खाली हैं। सरकार के अनुसार रिक्त पदों को भरना एक निरंतर प्रक्रिया है और इन्हें भरने के लिए सरकार सदैव तत्पर है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार अस्पताल में मेडिकल ऑफिसर के 30 पद स्वीकृत हैं। इनमें से 24 पद भरे हुए हैं और छह खाली हैं। फार्मेसी ऑफिसर के नौ स्वीकृत पदों में से छह पर कर्मचारी तैनात हैं और तीन रिक्त हैं। नेत्र जांच अधिकारी के दोनों पद खाली हैं। पुरुष स्वास्थ्य पर्यवेक्षक के दो पदों में से एक रिक्त है। क्लर्क और जूनियर असिस्टेंट के पांच पदों में से तीन भरे हुए हैं और दो खाली हैं।

नर्सिंग स्टाफ में भी पद रिक्त हैं। स्टाफ नर्स के 31 स्वीकृत पदों में से 24 पर कर्मचारी तैनात हैं और सात पद खाली हैं। वार्ड सिस्टर के नौ पदों में से छह भरे हुए हैं और तीन रिक्त हैं। मिडवाइफ के पांच पदों में से तीन भरे हुए हैं और दो खाली हैं। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के 24 स्वीकृत पदों में से एक पद रिक्त है।

अस्पताल में मेडिकल सुपरिंटेंडेंट का एक, डेंटल सर्जन के तीन और चीफ फार्मेसी ऑफिसर का एक पद स्वीकृत है। इन सभी पदों पर तैनाती है। लैब टेक्नीशियन के सात, सीनियर असिस्टेंट के तीन और नर्सिंग ऑर्डरली के दो पद भी भरे हुए दर्शाए गए हैं। डेंटल मैकेनिक और ड्रग इंस्पेक्टर के पदों पर भी कर्मचारी तैनात हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा