home page

रोहड़ू में पंचायत से नगर परिषद चुनाव तक नामांकन में दिखा उत्साह, 27 उम्मीदवारों ने भरे पर्चे

 | 

शिमला, 07 मई (हि.स.)। शिमला जिला के रोहड़ू उपमंडल में पंचायती राज संस्थाओं और नगर परिषद चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान चुनावी हलचल तेज हो गई। पँचायत चुनाव में नामांकन का वीरवार कक पहला दिन रहा, वहीं नगर परिषद रोहड़ू चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया समाप्त हो गई। पूरे दिन विभिन्न वार्डों से 27 उम्मीदवार नामांकन दाखिल करने पहुंचे, जिससे चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म हो गया।

पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के तहत जिला परिषद वार्ड सदस्यों के लिए पहले दिन कुल चार उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रामोत्रा के समक्ष जिला परिषद वार्ड नंबर 8 भलूण से शीला देवी और कल्पना देवी, वार्ड नंबर 9 टिक्कर से देवराज तथा वार्ड नंबर 7 खशधार से धर्मेंद्र सिंह ने नामांकन दाखिल किया।

वहीं पंचायत समिति चुनाव के लिए पहले दिन कुल 10 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे। पंचायत समिति वार्ड नंबर 1 दलगांव से रेवती देवी और संतोष, वार्ड नंबर 4 शील से चिराग चौहान, वार्ड नंबर 5 कुई से कुशल कुमार और गगन रुक्टा, वार्ड नंबर 6 भलाडा से रामलाल झींगटा, वार्ड नंबर 9 करासा से मनोज कुमार झींगटा, वार्ड नंबर 10 अढाल से सुनीता रैटका, वार्ड नंबर 14 कटलाह से निर्मला झामटा और वार्ड नंबर 15 पुजारली नंबर-4 से ज्ञानपति ने अपने नामांकन पत्र जमा करवाए।

प्रशासन के अनुसार जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के लिए 8 और 11 मई को भी नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को होगी जबकि उम्मीदवार 14 और 15 मई को अपने नाम वापस ले सकेंगे।

उधर, नगर परिषद रोहड़ू चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया समाप्त हो गई है। अंतिम दिन 13 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। इसके साथ ही अब नगर परिषद चुनाव के लिए कुल 23 उम्मीदवार मैदान में उतर चुके हैं।

सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं नायब तहसीलदार रोहड़ू डी.एन. शर्मा ने बताया कि वार्ड नंबर 1 दशालनी से रमा देवी, वार्ड नंबर 2 अपर बाजार से पारुल और ऊषा शर्मा, वार्ड नंबर 3 मुख्य बाजार से सुजय अग्रवाल और रंजना रेटका, वार्ड नंबर 4 सेरी एवं समाला से रंजीता, वार्ड नंबर 5 बस स्टैंड क्षेत्र से राज कुमार, वार्ड नंबर 6 ब्लॉक क्षेत्र से बीना देवी और प्रीति चौहान, वार्ड नंबर 7 कोर्ट रोड क्षेत्र से जितेंद्र चौहान, वार्ड नंबर 8 बावटीनाला से पन्ना लाल और सोहन लाल तथा वार्ड नंबर 9 शक्तिनगर से शालू दत्ता और सिमरन कौर ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

नगर परिषद चुनाव के नामांकन पत्रों की जांच 8 मई को होगी जबकि उम्मीदवार 11 मई तक अपने नाम वापस ले सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा