ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
ऊना, 16 सितंबर (हि.स.)। दौलतपुर चौक-अम्ब अंदौरा रेल लाइन के अंतर्गत गोंदपुर बनेहड़ा में मंगलवार रात दर्दनाक हादसे में एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम पंचायत अभयपुर के वार्ड नंबर दो निवासी शिव कुमार (38) पुत्र हरमेश चंद के रूप में हुई है, जो कि एक स्टोन क्रशर पर कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब हिमाचल एक्सप्रेस दौलतपुर चौक से दिल्ली की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि गोंदपुर बनेहड़ा स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास शिव कुमार ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसकी स्कूटी रेलवे ओवरब्रिज के नीचे सड़क पर खड़ी मिली। शिव कुमार रात के समय रेलवे ट्रैक पर किस वजह से गया था और वह ट्रेन की चपेट में कैसे आया, इसका पता रेलवे पुलिस की जांच के बाद ही चल सकेगा। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद दोपहर को अंतिम संस्कार किया गया।
युवक की अचानक हुई मौत से अभयपुर गांव में शोक की लहर है। ग्राम पंचायत प्रधान गुलशन चौधरी और उपप्रधान सुमित सिंह विक्की ने शिव कुमार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की और दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इससे पहले गत माह गणु मदवाड़ा में रेलवे ट्रेक पर टहलते एक युवक को लोको पायलट कि सूझवूझ के चलते ट्रेन रोककर बचाया गया था।
उधर रेलवे विभाग के अधिकारियो आग्रह किया है कि रेलवे ट्रेक उचित दूरी बनाये रखें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

