home page

स्व. प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के खिलाफ टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण : सुलिंदर पाल कौर

 | 
स्व. प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के खिलाफ टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण : सुलिंदर पाल कौर


ऊना, 01 अक्टूबर (हि.स.)। दुलेहड़ वार्ड से जिला परिषद सदस्य सुलिंदर पाल कौर ने स्व. प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के खिलाफ भाजपा नेता अजय जोशी द्वारा की गई टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि स्व. सिम्मी अग्निहोत्री अब हमारे बीच नहीं हैं और ऐसे में उनके बारे में किसी भी प्रकार की टिप्पणी करना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक मर्यादाओं के भी विपरीत है।

उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की धर्मपत्नी स्व. सिम्मी अग्निहोत्री एक शिक्षाविद् थीं और शिक्षा तथा समाजसेवा के क्षेत्र में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। हरोली क्षेत्र के लोगों के साथ उनका आत्मीय जुड़ाव रहा और आज भी लोग उन्हें सम्मान के साथ याद करते हैं।

सुलिंदर पाल कौर ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी दिवंगत व्यक्ति को राजनीतिक बयानबाजी में घसीटना उचित नहीं है। लोकतंत्र में सभी राजनीतिक दलों और नेताओं को एक-दूसरे के प्रति सम्मानजनक भाषा और सार्वजनिक जीवन की गरिमा बनाए रखनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता अजय जोशी द्वारा स्व. सिम्मी अग्निहोत्री को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से क्षेत्रवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं। ऐसी टिप्पणियों से राजनीतिक संवाद का स्तर गिरता है। उन्होंने भाजपा नेतृत्व से इस मामले में संज्ञान लेने और भविष्य में दिवंगत व्यक्तियों के प्रति सम्मानजनक भाषा का प्रयोग सुनिश्चित करने की अपील की।

सुलिंदर पाल कौर ने कहा कि स्व. सिम्मी अग्निहोत्री के सम्मान और उनकी स्मृति के साथ किसी भी तरह की राजनीति को स्वीकार नहीं किया जा सकता। राजनीतिक विरोध नीतियों और कार्यों तक सीमित रहना चाहिए, व्यक्तिगत और पारिवारिक स्तर तक नहीं पहुंचना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल