home page

मुबारिकपुर-भरवाई रोड पर ब्रेक फेल होने से एचआरटीसी बस पहाड़ी से टकराई, एक दर्जन से अधिक यात्री घायल

 | 
मुबारिकपुर-भरवाई रोड पर ब्रेक फेल होने से एचआरटीसी बस पहाड़ी से टकराई, एक दर्जन से अधिक यात्री घायल


ऊना, 12 अप्रैल (हि.स.)। मुबारिकपुर-भरवाई रोड पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक बस की ब्रेक अचानक फेल हो गए। चालक की सूझबूझ और साहस से बस को पहाड़ी से टकराकर रोका गया, जिससे संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार परिवहन निगम की बस धर्मशाला से होशियारपुर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस सिद्ध चलेहड़ मार्ग पर पहुंची, उसके ब्रेक फेल हो गए और बस अनियंत्रित हो गई। इसी दौरान बस ने सड़क किनारे खड़ी श्रद्धालुओं की एक कार को अपनी चपेट में ले लिया।

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने तुरंत निर्णय लेते हुए बस को पास की पहाड़ी से टकरा दिया, जिससे बस रुक गई और एक बड़ा हादसा होने से बच गया।

बताया जा रहा है कि बस में करीब 50 यात्री सवार थे। पहाड़ी से टकराने के कारण बस में सवार एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई यात्री डर के मारे बस से कूदने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल अंब पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल