home page

पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर का जनसंवाद, बोले जनता से किये वादे पूरे नहीं कर पाई कांग्रेस की सरकार

 | 
पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर का जनसंवाद, बोले जनता से किये वादे पूरे नहीं कर पाई कांग्रेस की सरकार


ऊना, 02 नवंबर (हि.स.)। पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता वीरेंद्र कंवर का गांव जटेड़ी (पिपलू) पहुंचने पर भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता विपन कुमार के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान आयोजित जनसंवाद में वीरेंद्र कंवर ने कांग्रेस सरकार और स्थानीय नेतृत्व पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2022 में सत्ता परिवर्तन के समय कांग्रेस प्रत्याशी ने कुटलैहड़ की जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन चार साल बीत जाने के बावजूद उनमें से एक भी वादा धरातल पर पूरा होता नजर नहीं आ रहा है।

उन्होंने कहा कि रोजगार, महिलाओं को 1500 रुपये देने, सड़क, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के नाम पर जनता को केवल आश्वासन मिले हैं। आज क्षेत्र की सड़कों की हालत खस्ता है, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर नहीं हैं और पेयजल व्यवस्था भी सुचारू रूप से नहीं चल पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में खनन माफिया, खैर माफिया और नशा माफिया का प्रभाव बढ़ा है तथा कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है, जिससे आम जनता परेशान है।

वीरेंद्र कंवर ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में सोलहसिंगी धार से पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ठोस प्रयास किए गए थे। वहीं, पीपलू मेले को जिला स्तरीय से राज्य स्तरीय दर्जा दिलाने की दिशा में भी पहल की गई थी। इसके साथ ही क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक आधारभूत ढांचे, गेस्ट हाउस निर्माण और अन्य मूलभूत सुविधाओं की योजनाएं लाई गई थीं, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि पिछले चार वर्षों में ये योजनाएं एक कदम भी आगे नहीं बढ़ पाईं।

उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि कुटलैहड़ के रुके हुए विकास को फिर से गति देना है। आने वाले चुनावों में भाजपा जनता के आशीर्वाद से सत्ता में लौटेगी और क्षेत्र की लंबित विकास योजनाओं को युद्धस्तर पर पूरा करवाया जाएगा। साथ ही कांग्रेस शासनकाल में पनपे भ्रष्टाचार, माफिया गतिविधियों और गुंडाराज पर सख्ती से लगाम लगाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल