ऊना-हमीरपुर मार्ग 15 तक बंद, इन वैकल्पिक रास्तों का करें उपयोग
ऊना, 12 जून (हि.स.)। रेलवे फाटक पर रेलवे लाइन के मुरम्मत कार्य के लिए ऊना–हमीरपुर मार्ग दो दिन के लिए बंद रहेगा। ऊना पुलिस ऊना ने आम जनता की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ऊना-हमीरपुर मार्ग को अस्थायी रूप से बंद करने संबंधी सूचना जारी की है। जारी सूचना के अनुसार ऊना-हमीरपुर सड़क 13 जून सुबह 9 बजे से 15 जून रात 9 बजे तक बंद रहेगी। इस दौरान वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार हमीरपुर से ऊना आने वाले भारी वाहनों, बसों और ट्रकों के लिए कुरियाला मोड़-रैंसरी-टका मार्ग निर्धारित किया गया है। वहीं कार, जीप और मोटरसाइकिल जैसे छोटे वाहन ट्रक यूनियन ऊना-डंगोली-महादेव मंदिर मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।
इसके अलावा हमीरपुर-ऊना-चंडीगढ़ जाने वाले सभी प्रकार के वाहन पीरनिगाह चौक-थनाकलां मार्ग से होकर गुजरेंगे। हमीरपुर-खुरवाईं-जोल-अंब मार्ग भी सभी प्रकार के वाहनों के लिए खुला रहेगा।
जिला पुलिस ऊना ने लोगों से यातायात संकेतों का पालन करने, निर्धारित डायवर्जन मार्गों का उपयोग करने तथा सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए पुलिस हेल्पलाइन नंबर 100 और 112 पर संपर्क किया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

