पूबोवाल में मां वैष्णो जी का भव्य स्वागत, नौ दिन जलेगी अखंड ज्योति
ऊना, 19 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्रि पर्व गुरुवार से शुरू हो गए हैं। देवभूमि के प्रसिद्ध शक्तिपीठों में ये पर्व बड़े ही उल्लास और श्रद्धा पूर्वक मनाए जाते हैं। इस पावन अवसर पर पहले नवरात्रे पर कटरा (जम्मू) से मां वैष्णो देवी की पावन अखंड ज्योति माता मंदिर पूबोवाल में स्थापित की गई। मां की पवित्र ज्योति का गांव में हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया गया। मां की ज्योति के स्वागत के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
गुरुवार सुबह पवित्र ज्योति जैसे ही बिलना अड्डे पर पहुँची, वहाँ मौजूद दर्जनों श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा और जयकारों के साथ ज्योति का अभिनंदन किया। यहाँ से मंदिर तक की यात्रा एक भव्य शोभायात्रा में बदल गई। ढोल-नगाड़ों की थाप और डीजे पर बजते मां के भजनों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। श्रद्धालु भजनों पर झूमते और नाचते हुए माता का स्वागत कर रहे थे। सुंदर ढंग से सजे वाहन में मां की पावन ज्योति को विराजमान किया गया था।
शोभायात्रा के गांव में पहुँचने पर स्थानीय ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा के साथ ज्योति का स्वागत किया। इसके बाद पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ इस पावन ज्योति को माता मंदिर पूबोवाल में स्थापित किया गया। अब यह ज्योति आगामी नौ दिनों तक मंदिर में अखंड रूप से प्रज्वलित रहेगी। मंदिर कमेटी के सदस्यों संजीव कुमार व कृष्ण कुमार ने बताया कि मां वैष्णो देवी के आशीर्वाद स्वरूप यह ज्योति क्षेत्र में शांति और खुशहाली लाएगी। नौ दिनों तक मंदिर में विशेष आरती और संकीर्तन का दौर शुरू हो जाएगा। ऐसा लग रहा है मानो साक्षात मां वैष्णो देवी हमारे गांव पधारी हों।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

