home page

रामपुर पुल से हरोली जल भवन तक विकसित होगा ‘न्यू हरोली विकास पथ’: मुकेश अग्निहोत्री

 | 
रामपुर पुल से हरोली जल भवन तक विकसित होगा ‘न्यू हरोली विकास पथ’: मुकेश अग्निहोत्री


ऊना, 06 सितंबर (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि रामपुर पुल से हरोली जल भवन तक के क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं, बेहतर कनेक्टिविटी और योजनाबद्ध विकास से जोड़ते हुए ‘न्यू हरोली विकास पथ’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने यह बात जल भवन हरोली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरोली की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली की तर्ज पर विकसित हो रही ‘न्यू हरोली’ एक वर्ष के भीतर क्षेत्र के विकास की नई पहचान बनकर उभरेगी।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि रामपुर पुल से हरोली जल भवन तक करीब चार करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण कार्य शुरू हो चुका है। इस क्षेत्र में लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से ट्रैफिक पार्क तथा करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से जल शक्ति भवन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वहीं करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से हेलीपोर्ट और लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

उन्होंने कहा कि वाहनों की पासिंग के लिए ऑटोमेटिक टेस्टिंग स्टेशन, न्यायिक परिसर, इंडोर स्टेडियम, मेला ग्राउंड, उद्योग विभाग का कार्यालय तथा पूर्व सैनिक भवन का निर्माण भी किया जाएगा। इन कार्यों की प्रत्येक दो सप्ताह बाद समीक्षा की जाएगी, ताकि सभी निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे हो सकें। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक मार्ग का विकास नहीं, बल्कि हरोली को आधुनिक, सुविधासंपन्न तथा सुनियोजित क्षेत्र के रूप में विकसित करने की व्यापक योजना है।

उन्होंने कहा कि न्यू हरोली क्षेत्र में कैमरे और स्पीड राडार लगाए जा रहे हैं। लोगों की सुविधा के लिए पेयजल प्याऊ, रेन शेल्टर, बैठने की व्यवस्था तथा विकास कार्यों की जानकारी देने के लिए डिजिटल स्क्रीन भी स्थापित की जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल