home page

पूबोवाल में इस वर्ष विराजेगी मां वैष्णो, अखंड ज्योति होगी स्थापित

 | 
पूबोवाल में इस वर्ष विराजेगी मां वैष्णो, अखंड ज्योति होगी स्थापित


ऊना, 15 मार्च (हि.स.)। हरोली क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल माता मंदिर पूबोवाल में इस वर्ष चैत्र नवरात्र का पर्व बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। आगामी 19 मार्च से शुरू होने वाले इन पावन नवरात्रों को लेकर मंदिर कमेटी और स्थानीय भक्तों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

इस वर्ष के आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि मंदिर में मां वैष्णो देवी से लाई गई अखंड ज्योति प्रज्वलित की जाएगी।

हर वर्ष की भांति इस साल भी पूबोवाल मंदिर को भव्य रूप से सजाया जा रहा है। मंदिर के सेवादार संजीव कुमार ने बताया कि चैत्र नवरात्र के नौ दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालु शिरकत करेंगे। मंदिर में नवरात्र के नौ दिनों तक अखंड ज्योति जलाने की पुरानी परंपरा है। यह ज्योति पूरे क्षेत्र के लिए सुख-समृद्धि का प्रतीक मानी जाती है। हर वर्ष किसी प्रसिद्ध शक्तिपीठ से मां की पवित्र ज्योति को लाकर मंदिर में नो दिनों तक अखंड रूप से स्थापित किया जाता है। पिछले वर्ष माता मनसा देवी से पावन ज्योति लाई गई थी, लेकिन इस बार मां वैष्णो देवी के दरबार से पवित्र ज्योति लाकर स्थापित की जाएगी। इसे लेने के लिए श्रद्धालुओं का एक विशेष जत्था जल्द ही रवाना होगा। नवरात्र के दौरान मंदिर में प्रतिदिन विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। जिसमें 19 मार्च को शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश स्थापना होगी। प्रतिदिन शाम को स्थानीय और बाहरी भजन मंडलियों द्वारा माता का गुणगान किया जाएगा। अष्टमी और नवमी के दिन विशाल कन्या पूजन और भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल