home page

मां चिंतपूर्णी जी को 11 तोले सोने का छत्र, पंजाब के श्रृद्धालू की मां को भेंट

 | 
मां चिंतपूर्णी जी को 11 तोले सोने का छत्र, पंजाब के श्रृद्धालू की मां को भेंट


ऊना, 04 अप्रैल (हि.स.)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में एक बार फिर आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। पंजाब से आए एक श्रद्धालु ने अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर माता रानी के चरणों में 11 तोले सोने का छत्र अर्पित किया।

श्रद्धालु ने बताया कि उसने कुछ समय पहले माता चिंतपूर्णी से विशेष प्रार्थना की थी। उसकी मनोकामना पूरी होने के बाद उसने माता रानी को धन्यवाद स्वरूप यह स्वर्ण छत्र भेंट करने का संकल्प लिया था, जिसे अब पूरा किया गया।

श्रद्धालु परिवार सहित मंदिर पहुंचा और विधिवत पूजा-अर्चना करने के बाद सोने का छत्र मंदिर प्रशासन को सौंपा। मंदिर के पुजारियों ने पूरे विधि-विधान से छत्र को माता रानी को समर्पित किया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

मंदिर प्रशासन ने इस भेंट को श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले भक्त अपनी श्रद्धा के अनुसार माता रानी को भेंट अर्पित करते रहते हैं, जिससे मंदिर की महिमा और भी बढ़ती है।

माता श्री चिंतपूर्णी धाम में इस तरह की घटनाएं यह दर्शाती हैं कि आज भी लोगों की धार्मिक आस्था और विश्वास उतना ही मजबूत है, जितना सदियों पहले हुआ करता था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल