छत से गिरे आईटीआई ट्रेनी, अस्पताल में भर्ती
ऊना, 18 मार्च (हि.स.)। ऊना पुलिस थाना क्षेत्र के तहत टाटा मोटर्स शौरुम बहडाला में मेंटेनेस का काम कर रहे दो आईटीआई ट्रेनी युवक करीब 25 फीट ऊंची छत से नीचे गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। घायल युवकों की पहचान साहिल कुमार (18) पुत्र विशंभर दास निवासी अरनवाल (अंब) व कुलविंद्र (19) पुत्र अशोक कुमार निवासी जटटपुर (संतोषगढ़) के रुप में हुई हैं।
बताया जा रहा है कि एक युवक की टांगों व एक युवक के हाथों में गंभीर चोटें आई है। सूचना मिलते ही ऊना पुलिस थाना टीम भी मौका पर पहुंची और मामले को लेकर आगामी जांच शुरु की।
जानकारी के अनुसार साहिल कुमार व कुलविंद्र आईटीआई ऊना में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे है। दोनों युवक अन्य कुछ आईटीआई विद्यार्थियों के साथ टाटा मोटर्स शौरुम बहडाला में काम करने के लिए गए थे। बुधवार को साहिल कुमार व कुलविंद्र कुमार छत पर काम कर रहे थे तो अचानक दोनों नीचे गिर गए। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गए। इस दौरान शौरुम के अन्य कर्मियों ने उन्हें उठाया और उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार शुरु किया।
इसी बीच सूचना मिलते ही ऊना थाना पुलिस टीम टीम ने मौका पर पहुंचकर कार्रवाई शुरु की।
उधर, एसपी सचिन हिरेमथ ने बताया कि टाटा मोर्टस शौरुम बहडाला में हुए हादसे में दो आईटीआई ट्रेनी घायल हुए है। दोनों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। --------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

