home page

ट्रिपल आईटी ऊना में मनाया राष्ट्रीय हिंदी दिवस, कविताओं ने मोहा मन

 | 
ट्रिपल आईटी ऊना में मनाया राष्ट्रीय हिंदी दिवस, कविताओं ने मोहा मन


ऊना, 15 सितंबर (हि.स.)। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आई.आई.आई.टी.) ऊना में निदेशक प्रो. मनीष गौड़ की अगुआई में राष्ट्रीय हिंदी दिवस के अवसर पर एक गरिमामयी कार्यक्रम काव्य-संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हिंदी भाषा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उसके साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय महत्व को रेखांकित करना तथा युवा पीढ़ी को मातृभाषा से जोड़ना था।

कार्यक्रम में संस्थान के कुलसचिव डॉ. रवि सैनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि मूलभूत विज्ञान विभाग के प्रमुख, डॉ. नमन गर्ग विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दोनों गणमान्य अतिथियों का संस्थान परिवार की ओर से औपचारिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर संकाय सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या मेंभाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सत्येन्द्र कुमार (नोडल हिंदी अधिकारी, आई.आई.आई.टी. ऊना) द्वारा शिक्षा मंत्री के संदेश के वाचन के साथ हुई। संदेश में हिंदी भाषा की समृद्ध परंपरा, राष्ट्रीय एकता में उसकी भूमिका तथा शिक्षा, प्रशासन और दैनिक जीवन में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर विशेष बल दिया गया। शिक्षा मंत्री के संदेश ने उपस्थित जनों को हिंदी के प्रचार- प्रसार तथा उसके संरक्षण के लिए प्रेरित किया।

इसके पश्चात विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों ने अपनी-अपनी स्वरचित हिंदी कविताएँ प्रस्तुत कीं। कविताओं में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक गौरव, शिक्षा, समाज, प्रकृति और जीवन-मूल्यों जैसे विषयों को अत्यंत सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुतियों ने श्रोताओं का मन मोह लिया और कार्यक्रम में साहित्यिक रंग भर दिया। उपस्थित श्रोताओं ने कविताओं की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने अपने संबोधन में हिंदी को केवल भाषा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और अस्मिता का वाहक बताया। उन्होंने कहा कि तकनीकी संस्थानों में भी हिंदी का प्रयोग और अधिक बढ़ना चाहिए, जिससे विज्ञान, प्रौद्योगिकी और शोध के क्षेत्र में हिंदी की उपयोगिता और सशक्त हो सके। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी मातृभाषा पर गर्व करने तथा उसके संरक्षण और संवर्धन में योगदान देने की अपील की। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल