home page

आईआईआईटी ऊना का 8वां दीक्षांत समारोह, 206 विद्यार्थियों को प्रदान की जाएंगी डिग्रियां

 | 
आईआईआईटी ऊना का 8वां दीक्षांत समारोह, 206 विद्यार्थियों को प्रदान की जाएंगी डिग्रियां


ऊना, 02 सितंबर (हि.स.)। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, ऊना (आईआईआईटी ऊना) का 8वां दीक्षांत समारोह 3 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। यह संस्थान की शैक्षणिक यात्रा में एक और महत्वपूर्ण पड़ाव होगा। समारोह में कुल 206 विद्यार्थी स्नातक होंगे, जिनमें 189 बी.टेक. और 17 एम.टेक. विद्यार्थी शामिल हैं। ये जानकारी भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान ऊना के निदेशक प्रो. मनीष गौर ने दी।

उन्होंने बताया कि समारोह में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और दीक्षांत संबोधन देंगे। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद तथा कोयला, खान और इस्पात संबंधी संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष अनुराग सिंह ठाकुर और राज्यसभा के माननीय सांसद तथा शिक्षा, महिला, बाल, युवा और खेल संबंधी संसदीय स्थायी समिति के सदस्य प्रो. सिकंदर कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। स्नातक होने वाले विद्यार्थियों में एम.टेक. इन कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (डेटा साइंस) का पहला बैच भी शामिल है, जिसने आईआईआईटी ऊना में अपना कार्यक्रम पूरा किया है। इस पहले स्नातकोत्तर बैच का दीक्षांत संस्थान की विस्तारित होती शैक्षणिक यात्रा और उभरती प्रौद्योगिकियों पर बढ़ते फोकस की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

प्रो. मनीष गौड़ ने बताया कि बी.टेक. के स्नातक बैच ने 2025-26 के प्लेसमेंट सत्र में 95.86 फीसदी प्लेसमेंट दर हासिल की। कैंपस प्लेसमेंट के लिए उपस्थित हुए 169 विद्यार्थियों में से 162 विद्यार्थियों को प्लेसमेंट मिला, जबकि 70 से अधिक भर्ती कंपनियों ने भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया। इस वर्ष सर्वाधिक पैकेज 53.6 लाख प्रति वर्ष रहा, जबकि औसत पैकेज 13.46 लाख प्रति वर्ष रहा। विद्यार्थियों को सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्लाउड कंप्यूटिंग, साइबर सिक्योरिटी, एनालिटिक्स, फिनटेक, सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी और प्रोडक्ट डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों में अवसर प्राप्त हुए।

इनकों मिलेंगेे गोल्ड मेडल

अपने-अपने कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पदक प्रदान कर उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों का सम्मान किया जाएगा। पदक प्राप्त करने वालों में बी.टेक सीएसई में वंश गाबा, बी.टेक ईसीई में चंद्रादित्या परमार, बी.टेक आईटी में हर्ष यादव, अंशिका अरोड़ और एम.टेक सीएससी डेटा सांईस में अंकुर शर्मा को स्वर्ण पदकों से नवाजा जाएगा। अमृतांश झा, कौस्तुभ अग्रवाल, तुषार और शिवांगी ठाकुर को रजत पदक प्रदान किया जाएगा। पारस त्यागी, शर्मा विवेक अनिल कुमार, आर्यन आर्या और किशन श्रीवास्तव को कांस्य पदक से सम्मानित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल