home page

हरोली में प्रदेश के पहले ई-बस डिपो का लोकार्पण, एचआरटीसी के क्षेत्रीय कार्यालय का भी उद्घाटन

 | 
हरोली में प्रदेश के पहले ई-बस डिपो का लोकार्पण, एचआरटीसी के क्षेत्रीय कार्यालय का भी उद्घाटन


ऊना, 02 अगस्त (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को हरोली में हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रदेश के पहले ई-बस डिपो का लोकार्पण तथा एचआरटीसी के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने ई-चार्जिंग स्टेशन का शुभारंभ करने के साथ चार नई बस सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा हरोली–श्री चिंतपूर्णी बस सेवा शुरू करने की घोषणा की।

इस अवसर पर हरोली बस अड्डा परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शामिल की जा रही 297 इलेक्ट्रिक बसों में से 115 इलेक्ट्रिक बसें हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को मिली हैं। उन्होंने बताया कि हरोली स्थित प्रदेश के पहले ई-बस डिपो से 20 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा, जबकि पूरे ऊना जिले में 50 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय परिवहन व्यवस्था और कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महज दो वर्षों में आधुनिक बस अड्डे के निर्माण के बाद आज हरोली को क्षेत्रीय कार्यालय एवं प्रदेश के पहले ई-बस डिपो के रूप में एक और महत्वपूर्ण सौगात मिली है। इसके साथ ही क्षेत्रवासियों का लंबे समय से संजोया गया ई-बस डिपो का सपना भी साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि आधुनिक परिवहन सुविधाओं के विस्तार के साथ हरोली प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभर रहा है।

अग्निहोत्री ने बताया कि ठियोग, नाहन और नादौन में भी ई-बस डिपो स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा के आग्रह पर कांगड़ा में भी ई-बस डिपो स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सोमवार को ऊना से भी इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।

इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अब प्रदेश का पहला ई-बस डिपो भी हरोली में बन गया है। विरोधी भी सोच रहे होंगे कि यह कैसे हो गया। जिन्हें विकास से परहेज़ है उनको हर अच्छे काम से पीड़ा होती है।

चिंतपूर्णी विधानसभा के विधायक सुदर्शन बबलू की मांग पर उपमुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अंब बस अड्डे का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूरा कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य शीघ्र आरंभ किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश तथा प्रदेश से बाहर रहने वाले माता के श्रद्धालुओं से इस पुनीत कार्य में उदारतापूर्वक योगदान देने का आह्वान किया, ताकि इस परियोजना को और अधिक भव्य स्वरूप दिया जा सके।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली में विकसित किए जा रहे बल्क ड्रग पार्क के लिए प्रदेश सरकार 1000 करोड़ रुपये उपलब्ध कराएगी। उन्होंने घोषणा की कि ऊना के पुराने बस अड्डे को आधुनिक सिटी सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिले में एक टायर रिट्रेडिंग प्लांट भी स्थापित किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें किसी व्यक्तिगत उपलब्धि की आकांक्षा नहीं है। वे अंतिम सांस तक हरोली की सेवा करते रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल