home page

हरोली कॉलेज में पीजीडीसीए की 30 सीटों को मंजूरी, इसी सत्र से शुरू होंगी कक्षाएं

 | 

ऊना, 05 जून (हि.स.)। प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली के विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। हिमाचल प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा विभाग ने महाविद्यालय में सेल्फ फाइनेंस स्कीम के तहत पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशंस (पीजीडीसीए) पाठ्यक्रम शुरू करने की अनुमति प्रदान कर दी है।

उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी पत्र में निदेशक उच्च शिक्षा को आवश्यक आगामी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। यह मंजूरी कॉलेज प्रशासन के प्रस्ताव पर प्रदान की गई है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा के क्षेत्र में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। सरकार द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह पाठ्यक्रम सेल्फ फाइनेंस स्कीम के तहत संचालित होगा।

आदेश में यह भी कहा गया है कि पीजीडीसीए कोर्स शुरू करने की अनुमति सभी आवश्यक औपचारिकताओं और नियमों की पूर्ति के अधीन रहेगी।

महाविद्यालय में पीजीडीसीए कोर्स शुरू होने से हरोली और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में रोजगारोन्मुख शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा तथा उन्हें इस कोर्स के लिए अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. राजेंद्र कुमार ने बताया कि सरकार द्वारा कॉलेज में पीजीडीसीए की नोटिफिकेशन हुई है, जिसमें पहले वर्ष 30 सीटों को मंजूरी प्रदान की गई है और इसी सत्र से इसके लिए एडमिशन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल